मंडी जिले के पंडोह क्षेत्र में स्थित माता बगलामुखी मंदिर तक जाने वाला रोपवे 18 जून को पूरे दिन बंद रहेगा। रोपवे के नियमित रखरखाव और तकनीकी निरीक्षण के चलते यह निर्णय लिया गया है। 19 जून से रोपवे का संचालन सामान्य रूप से फिर शुरू कर दिया जाएगा। रोपवे का संचालन वर्तमान में स्की हिमालयाज कंपनी द्वारा किया जा रहा है। कंपनी के अनुसार यात्रियों की सुरक्षा और रोपवे की तकनीकी मजबूती सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर रखरखाव कार्य किया जाता है। इसी क्रम में 18 जून को विशेषज्ञ इंजीनियरों की टीम रोपवे सिस्टम का विस्तृत तकनीकी निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के दौरान मशीनरी, केबल, सुरक्षा उपकरणों और अन्य महत्वपूर्ण तकनीकी हिस्सों की बारीकी से जांच की जाएगी। यदि किसी प्रकार की तकनीकी खामी सामने आती है तो उसे तत्काल दूर किया जाएगा, ताकि भविष्य में श्रद्धालुओं को सुरक्षित और निर्बाध सेवा मिल सके। पंडोह के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर कैंची मोड़ स्थित यह रोपवे माता बगलामुखी मंदिर तक पहुंचने का सबसे सुविधाजनक साधन है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसी रोपवे के माध्यम से मंदिर पहुंचते हैं। उप महाप्रबंधक आरटीडीसी विजय चौहान ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह नियमित रखरखाव कार्य किया जा रहा है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे 18 जून को रोपवे सेवा बंद रहने को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं। उन्होंने बताया कि 19 जून से रोपवे का संचालन फिर से सामान्य रूप से शुरू कर दिया जाएगा।