फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mandi–Kullu NH: डीसी अपूर्व देवगन ने मंडी-थलौट हाईवे का किया निरीक्षण, बरसात में सुरक्षित यातायात के दिए निर्देश

बरसात के मौसम में मंडी–कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने वीरवार को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों के साथ मंडी से थलौट तक विभिन्न निर्माण और मरम्मत कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संवेदनशील स्थलों का जायजा लेकर अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने देयोड़ में निर्माणाधीन नई टनल, हणोगी टनल में चल रहे मरम्मत कार्य, झलोगी में नदी किनारे बनाई जा रही सुरक्षा दीवार, क्षतिग्रस्त टनल और राष्ट्रीय राजमार्ग के अन्य संवेदनशील हिस्सों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त मदन कुमार, तहसीलदार मंडी संजीव कुमार, एसडीएम मंडी, एसडीएम बालीचौकी, एनएचएआई के परियोजना निदेशक वरुण चारी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों से बातचीत कर सड़क, यातायात और सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं भी सुनीं। ग्रामीणों की ओर से उठाए गए मुद्दों पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए और समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए कार्रवाई करने को कहा। अपूर्व देवगन ने विशेष रूप से देयोड़ से हणोगी तक टनल निर्माण और मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित न हो, इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते पूरे किए जाने चाहिए। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान संभावित भूस्खलन वाले क्षेत्रों और अन्य जोखिम वाले स्थानों का भी आकलन किया गया। एनएचएआई को निर्देश दिए गए हैं कि जहां भी निर्माण या मरम्मत कार्य चल रहे हैं, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर मशीनरी और अन्य जरूरी संसाधन हर समय उपलब्ध रखे जाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। उपायुक्त ने कहा कि बरसात के मौसम में यात्रियों की सुरक्षा और राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्बाध यातायात प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें