इनर व्हील क्लब मंडी के सम्मान एवं पदभार ग्रहण समारोह में नीरज शर्मा ने वर्ष 2026-27 के लिए क्लब की नई अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाल लिया। समारोह का आयोजन निवर्तमान अध्यक्ष सोमा राणा की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें नई कार्यकारिणी को विधिवत शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ इनर व्हील प्रार्थना तथा मुख्य अतिथि एवं इनर व्हील क्लब सुंदरनगर शाखा की पूर्व अध्यक्ष अंजू ठाकुर द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष सोमा राणा ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और क्लब द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों की जानकारी साझा की। इसके बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष नीरज शर्मा को अध्यक्षीय पिन, गैवल और क्लब चार्टर सौंपकर औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कराया गया। नई कार्यकारिणी में चारू वैद्य ने सचिव, सुकृति कपूर ने कोषाध्यक्ष, पंकज भंडारी ने संपादक और जानकी राणा ने आईएसओ (ISO) के रूप में शपथ ग्रहण की। समारोह में क्लब की ओर से हाल ही में कैंसर पीड़ित स्व. परम देव के परिवार तथा कैंसर से जूझ रहीं नीलम कुमारी को आपातकालीन आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने का भी उल्लेख किया गया। इस मानवीय पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की। पूर्व कोषाध्यक्ष वीना राणा ने क्लब का वित्तीय विवरण प्रस्तुत किया, जबकि पूनम कोहली ने नए सदस्यों का परिचय कराया। मुख्य अतिथि अंजू ठाकुर ने क्लब की सामाजिक सेवा गतिविधियों की सराहना करते हुए नई टीम को शुभकामनाएं दीं। समारोह के अंत में मुख्य अतिथि अंजू ठाकुर और विशिष्ट अतिथि अनिता वैद्य को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।