आपदा प्रबंधन को लेकर धर्मपुर ब्लॉक में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। ब्लॉक की सभी पंचायतों के लिए आपदा राहत किटें ब्लॉक मुख्यालय पहुंच चुकी हैं, लेकिन इनका वितरण आगामी चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने के बाद ही किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए बीडीओ धर्मपुर बालम राम ने बताया कि प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए सरकार द्वारा पंचायत स्तर पर राहत सामग्री उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके तहत ब्लॉक की पंचायतों के लिए आवश्यक आपदा राहत किटें मंगवाई गई हैं, जिनमें प्राथमिक उपचार सामग्री, टॉर्च, रस्सियां, कंबल और अन्य जरूरी सामान शामिल है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में आचार संहिता लागू होने के कारण इन किटों का वितरण नहीं किया जा सकता। जैसे ही चुनाव प्रक्रिया समाप्त होगी, प्राथमिकता के आधार पर सभी पंचायतों को यह किटें सौंप दी जाएंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत कार्य शुरू किया जा सके। बीडीओ ने कहा कि आपदा के समय शुरुआती राहत सबसे महत्वपूर्ण होती है, इसलिए पंचायत स्तर पर संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए पंचायत प्रतिनिधियों को भी समय-समय पर प्रशिक्षण देने की योजना बनाई जा रही है, जिससे वे आपदा के समय प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, भारी बारिश और अन्य प्राकृतिक आपदाओं का खतरा बना रहता है। ऐसे में पंचायत स्तर पर राहत किटों की उपलब्धता निश्चित रूप से राहत कार्यों को तेज और प्रभावी बनाएगी।