श्रावण मास के पावन अवसर पर लडभड़ोल और लांगणा क्षेत्र के शिव भक्तों का एक जत्था हरिद्वार से गंगाजल लेकर सफलतापूर्वक अपने गृह क्षेत्र लौट आया है। इन श्रद्धालुओं ने हरिद्वार से अपने गांवों तक की लगभग 480 किलोमीटर की दूरी 13 दिनों में पैदल चलकर पूरी की। इस भक्तिमय यात्रा में शामिल भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। इस पवित्र यात्रा में लडभड़ोल के संतोष कुमार और रक्तल निवासी सुनील कुमार ने पहली बार कांवड़ यात्रा का अनुभव किया। वहीं, मंगडोल निवासी विनोद कुमार ने यह उनकी तीसरी यात्रा थी, जबकि खडिहार निवासी राकेश कुमार ने लगातार चौथी बार इस कठिन पदयात्रा को सफलतापूर्वक पूरा किया। कांवड़ यात्रा में शामिल विनोद कुमार, संतोष कुमार, और राकेश कुमार ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि यात्रा के दौरान उन्हें किसी भी प्रकार की कोई कठिनाई नहीं हुई। उन्होंने उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, और हरियाणा, हिमाचल पुलिस द्वारा किए गए सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों की सराहना की। उन्होंने बताया कि रास्ते में श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह पर लंगर और विश्राम के लिए उत्तम व्यवस्थाएं की गई थीं, जिससे उनकी यात्रा और भी सुगम हो गई। श्रद्धालुओं ने बताया कि वे कल सुबह अपने-अपने गांवों के शिवालयों में कांवड़ में लाए गए पवित्र गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। जिसके साथ ही उनकी यह पुण्य यात्रा संपन्न होगी।