मानसून के दौरान लोगों की आवाजाही निर्बाध बनाए रखने के लिए लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) उपमंडल लडभड़ोल पूरी तरह सतर्क है। विभाग का कहना है कि मानसून की शुरुआत से अब तक उपमंडल की सभी मुख्य और संपर्क सड़कें यातायात के लिए सुचारू हैं तथा किसी भी मार्ग पर लंबे समय तक यातायात बाधित होने की स्थिति नहीं बनी है। बुधवार को लोनिवि उपमंडल लडभड़ोल के सहायक अभियंता विजय गुलेरिया ने विभाग की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि उपमंडल के अंतर्गत 20 से 22 पंचायतों का क्षेत्र आता है। पूरे क्षेत्र में सड़कों की निगरानी और रखरखाव के लिए चार कनिष्ठ अभियंता और करीब 130 मजदूर तैनात किए गए हैं। सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक फील्ड स्टाफ विभिन्न स्थानों पर सक्रिय रहकर स्थिति पर नजर रख रहा है। उन्होंने बताया कि यदि भारी बारिश के कारण किसी सड़क पर मलबा आने या अन्य कारणों से यातायात प्रभावित होता है, तो विभाग की टीम एक से दो घंटे के भीतर मौके पर पहुंचकर सड़क को साफ कर यातायात बहाल करने का प्रयास करती है। अब तक उपमंडल की कोई भी सड़क लंबे समय के लिए बंद नहीं रही है। विजय गुलेरिया ने कहा कि अगले एक-दो दिनों में विभाग की मशीनरी और टिप्पर भी पूरी तरह फील्ड में तैनात कर दिए जाएंगे, जिससे आपात स्थिति में और तेजी से राहत कार्य किए जा सकें। विभाग की प्राथमिकता बस योग्य सड़कों को हर हाल में चालू रखना है, ताकि सार्वजनिक परिवहन और छोटे वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो। उन्होंने बताया कि सुपरवाइजर, फील्ड स्टाफ और मजदूरों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है। सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सड़क बंद होने की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर सड़क को जल्द से जल्द बहाल किया जाए।