उपमंडल गोहर के ट्रिनिटी पब्लिक स्कूल में शनिवार को नाचन के विधायक विनोद कुमार ने एआई रोबोटिक लैब का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर स्कूल प्रबंधन की ओर से स्कूल की मुखिया मोनिशा गुप्ता और एमडी रितेश गुप्ता ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। मोनिशा गुप्ता ने विधायक को एआई प्रयोगशाला की विस्तृत जानकारी दी और बच्चों व अभिभावकों के लिए इस लैब की स्थापना को एक मील का पत्थर बताया। इस अवसर पर विधायक विनोद कुमार ने कहा कि ट्रिनिटी स्कूल में गोहर उपमंडल की पहली एआई रोबोटिक लैब खुलने से आने वाले समय में इसके सकारात्मक और दूरगामी परिणाम सामने आएंगे। विधायक ने स्कूल प्रबंधन, बच्चों और अभिभावकों को इस पहल के लिए बधाई दी। मोनिशा गुप्ता ने बताया कि इस लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को कोडिंग, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और एआई सेटअप के साथ मशीन लर्निंग व डीप लर्निंग मॉडल्स, रोबोट की पहचान, कंप्यूटर विजन सिस्टम, कैमरों से वस्तुओं की पहचान, रोबोट और हार्डवेयर पार्ट्स की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने बच्चों की ओर तैयार किए गए मॉडल्स का अवलोकन किया और उनके प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर चच्योट भाजपा मंडल महामंत्री पंकज ठाकुर, जीतू, स्कूल प्रधानाचार्य डीके पाल शर्मा सहित अनेक अभिभावक उपस्थित रहे।