नौलखा-डडौर फोरलेन पर कनेड क्षेत्र में अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर बुधवार को कनेड पंचायत के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधीश अपूर्व देवगन से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि फोरलेन पार करने की सुरक्षित व्यवस्था नहीं होने से क्षेत्र के हजारों लोगों, स्कूली बच्चों, किसानों और मरीजों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मांग पूरी न होने पर आंदोलन और राष्ट्रीय राजमार्ग के घेराव की चेतावनी भी दी गई है। कनेड पंचायत प्रधान उन्निक्षा वर्मा के नेतृत्व में मिले प्रतिनिधिमंडल में जिला परिषद महादेव वार्ड की सदस्य किरणा चौहान, बीडीसी सदस्य शिल्पा सैनी, उपप्रधान मनोज कुमार, फोरलेन संघर्ष समिति के विजय ठाकुर, किसान सभा के जोगिंदर वालिया सहित पंचायत प्रतिनिधि शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल में व्यापार मंडल प्रधान राजू राम, स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान संदीप कुमार, किशोरी वालिया, पूर्व प्रधान भूपेंद्र वालिया, विजय अबरोल, विजय ठाकुर, दामोदर चौहान और जोगिंदर वालिया सहित अन्य ग्रामीण भी मौजूद रहे।