मंडी जिले की दलेड ग्राम पंचायत में रविवार को वर्ष 2026 की पहली ग्राम सभा का आयोजन पंचायत भवन में किया गया। नवनिर्वाचित पंचायत प्रधान रेखा देवी और उपप्रधान रमेश चंद की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में 300 से अधिक ग्रामीणों ने भाग लिया। भारी उपस्थिति के चलते ग्राम सभा का कोरम पूरा हुआ और जनरल हाउस भी पारित किया गया। पिछले वर्ष पंचायत में आयोजित दो ग्राम सभाओं में से केवल एक का ही कोरम पूरा हो पाया था, जबकि दूसरी बैठक पर्याप्त उपस्थिति नहीं होने के कारण नहीं हो सकी थी। इस बार बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी ने पंचायत के प्रति लोगों की बढ़ती जागरूकता को भी दर्शाया। ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों ने अपने-अपने वार्डों से जुड़ी सड़क, पेयजल, नालियां और अन्य विकास कार्यों से संबंधित समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। लोगों ने आरोप लगाया कि पिछले 15 से 20 वर्षों में पंचायत में अपेक्षित विकास नहीं हुआ, जिससे क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से पीछे रह गया। बैठक के दौरान कई ग्रामीणों ने पूर्व पंचायतों के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की जांच कराने की मांग उठाई। इस मुद्दे पर ग्राम सभा में काफी देर तक चर्चा और गहमागहमी रही। ग्रामीणों का कहना था कि पंचायत में हुए कार्यों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। पंचायत प्रधान रेखा देवी ने कहा कि पदभार संभालने के बाद यह उनकी पहली ग्राम सभा थी। उन्होंने ग्रामीणों की सभी समस्याओं, सुझावों और आपत्तियों को गंभीरता से सुना है। उन्होंने माना कि लंबे समय से विकास कार्य प्रभावित रहने के कारण लोगों में नाराजगी है, लेकिन नई पंचायत जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि रुकी हुई विकास योजनाओं को चरणबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा और पंचायत में पारदर्शी कार्यप्रणाली अपनाई जाएगी। प्रधान ने ग्राम सभा में बड़ी संख्या में पहुंचकर कोरम पूरा करने वाले सभी पंचायतवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के सहयोग से पंचायत को विकास की नई दिशा दी जाएगी।