जाने-माने पत्रकार, शिक्षाविद एवं साहित्य व कला मर्मज्ञ रहे स्व. हेमकांत कात्यायन की जयंती पर छोटी काशी ने उन्हें आदरांजलि अर्पित करके याद किया। एसवीएम मंडी में स्वर्गीय हेमकांत कात्यायन मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से आयोजित आदरांजलि 2.0 समारोह में मंडी के पूर्व डीसी एवं वर्तमान में भारतीय खाद्य एवं कृषि परिषद के महानिदेशक तरूण श्रीधर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। डीसी मंडी अपूर्व देवगन विशिष्ठ अतिथि के रूप में मौजूद रहे। तरूण श्रीधर ने ट्रस्ट की तरफ से चार विभूतियों को सम्मानित भी किया। इसमें वरिष्ठ पत्रकार कृष्ण भानू, साहित्य क्षेत्र में केके नूतन और कला के क्षेत्र में संगीत सदन मंडी के संस्थापक स्व. पियूष स्वामी को मरणोपरांत व उनके शिष्य एवं संगीत सदन के वर्तमान संचालक उमेश भारद्वाज को सम्मानित किया गया। समारोह के बाद मीडिया से बातचीत में तरूण श्रीधर ने इस आयोजन के लिए स्व. हेमकांत कात्यायन मेमोरियल ट्रस्ट को बधाई दी। श्रीधर ने कहा कि मंडी से उनका गहरा नाता रहा है। मंडी में बतौर डीसी उन्होंने हेमकांत कात्यायन को निर्भिक, निष्पक्ष, प्रखर और संवेदनशील पत्रकार के रूप में देखा। आज वो हमारे बीच में नहीं, लेकिन उनका परिवार उनकी विरासत को आज भी संजोए हुए हैं। तरूण श्रीधर ने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब पत्रकारिता की एक गरीमा हुआ करती थी। आज पत्रकारिता के स्वरूप में भी बदलाव आया है। आज के दौर में कम लोग ही ऐसे हैं जो अखबार पढ़ते हैं बाकी अन्य माध्यमों या सोशल मीडिया से खबरों को पढ़ने या देखने में विश्वास रखते हैं।