शिक्षा खंड चौंतड़ा के खोहली में पांच दशकों से चल रहे राजकीय प्राथमिक पाठशाला को बंद करने के विरोध में ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। जिला परिषद सदस्य कुशाल भारद्वाज की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रारंभिक शिक्षा उप निदेशक डॉ. सुनील ठाकुर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि स्कूल में 12 बच्चे हैं। सरकार के 5 से कम बच्चों वाले स्कूल बंद करने के नियम के बावजूद इसे बंद कर ऐह्जू स्कूल में विलय करना पूरी तरह गलत है। नया स्कूल 3-4 किलोमीटर दूर है और रास्ते में नदी-नाले, जंगली जानवरों व तेज वाहनों का भारी खतरा है। दिहाड़ी-मजदूरी करने वाले गरीब अभिभावकों के लिए रोज बच्चों को दूर भेजना संभव नहीं है। स्कूल बहाली के लिए प्रतिनिधिमंडल ने सरकार को 10 दिन का अल्टीमेटम देते हुए 13 जुलाई का धरना फिलहाल स्थगित कर दिया है। मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन और उच्च न्यायालय जाने की चेतावनी दी गई है। वहीं, उप निदेशक ने मामले को निदेशालय भेजकर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।