पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेलवे ट्रैक पर जोगिंद्रनगर से बैजनाथ पपरोला और नूरपूर के लिए रवाना हुई रेलग
जोगिंद्रनगर/चौंतड़ा (मंडी)। जोगिंद्रनगर-पठानकोट रेलवे ट्रैक पर कांगड़ा के नूरपुर के लिए रेलगाड़ियों का आवागमन शुरू हो गया। शनिवार को जोगिंद्रनगर रेलवे स्टेशन से बैजनाथ-पपरोला के लिए सुबह और दोपहर की निर्धारित समयसारिणी के लिए रेलगाड़ियां रवाना हुईं। बैजनाथ-पपरोला से नूरपुर के लिए भी दो रेलगाड़ियों को उत्तर रेलवे ने रवाना किया। जुलाई 2023 में कांगड़ा और नूरपुर के बीच कोपरलाहड़ के समीप रेल पटरी पर हुए भूस्खलन से रेलगाड़ियों की आवाजाही बंद हो गई थी। कुछ माह से जोगिंद्रनगर रेलवे स्टेशन से बैजनाथ-पपरोला से आगे कांगड़ा तक रेलगाड़ी पहुंच रही थी। अब रेलवे ने जोगिंद्रनगर हेरीटेज रेलवे स्टेशन से करीब 143 किलोमीटर दूर नूरपुर तक रेलगाड़ियों की आवाजाही सुनिश्चित की है।
पपरोला से सुबह 6 बजे चलने वाली रेलगाड़ी दोपहर 12 बजे तक नूरपुर रेलवे स्टेशन में पहुंचेगी। पहले यह रेलगाड़ी बैजनाथ पपरोला से सुबह 6:30 बजे पर रवाना होकर कांगड़ा रेलवे स्टेशन पर 8:15 बजे पहुंचती थी। दूसरी रेलगाड़ी दोपहर 3:00 बजे नूरपुर के लिए रवाना होगी। नूरपुर से बैजनाथ के लिए सुबह 6 बजे पहली रेलगाड़ी रवाना होगी जो बैजनाथ रेलवे स्टेशन में दोपहर 12 बजे पहुंचेगी।
दोपहर वाली गाड़ी का समय 2:30 बजे नूरपुर रेलवे स्टेशन से निर्धारित किया गया है जो बैजनाथ पपरोला में 8:20 बजे पहुंचेगी। बैजनाथ से जोगिंद्रनगर रेलवे स्टेशन के लिए आठ बजे चलने वाली सुबह की रेलगाड़ी जोगिंद्रनगर रेलवे स्टेशन में 9:30 बजे पहुंचेगी। दोपहर एक बजे बैजनाथ पपरोला से चलने वाली रेलगाड़ी 2:35 बजे जोगिंद्रनगर पहुंचेगी। जोगिंद्रनगर से बैजनाथ पपरोला के लिए सुबह वाली रेलगाड़ी 10:30 बजे पर रवाना होगी। दोपहर 3:30 बजे पर दौड़ने वाली रेलगाड़ी बैजनाथ रेलवे स्टेशन में शाम पांच बजे पहुंचेगी।
..
जोगिंद्रनगर रेलवे स्टेशन से लगभग 143 किलोमीटर दूर नूरपुर रेलवे स्टेशन में रेलगाड़ी की आवाजाही शुरू होने के बाद 30 किलोमीटर दूर पठानकोट के लिए भी रेलगाड़ियां मार्च से पहले शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। क्षतिग्रस्त चक्की पुल का 80 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो गया है। रेलवे ट्रैक निरीक्षण के बाद रेलगाड़ियों की आवाजाही भी शुरू कर दी जाएगी।
-संजय साहू, डीआरएम उत्तर रेलवे
....