उपायुक्त तोरुल एस रवीस ने जांच के बाद एक सप्ताह में मांगी रिपोर्ट
रायसन में उड़ान भरते पैराग्लाइडर से गिर गया था आंध्र प्रदेश का युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले के रायसन की पैराग्लाइडिंग साइट में पैराग्लाइडिंग उड़ान के दौरान हुई दुर्घटना की मजिस्ट्रेट जांच होगी।
उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस रवीश ने जांच का जिम्मा एसडीएम कुल्लू विकास शुक्ला को सौंपा है। वह एक सप्ताह में इसकी रिपोर्ट सौपेंगे। हादसा कैसे हुआ और पैराग्लाइडिंग के दौरान सभी तरह के उपकरण मौजूद थे,इन सभी पहलुओं पर जांच होगी।
जिले में लगातार हो रहे पैराग्लाइडिंग हादसे को लेकर घाटीवासी भी परेशान हैं। बता दें कि सात जनवरी को रायसन के पास आंध्र प्रदेश का एक पर्यटक पैराग्लाइडिंग उड़ान कर रहा था। अचानक तेज हवा चलने से पैराग्लाइडर अनियंत्रित होकर गिर गया। करीब 25 से 30 फीट की ऊंचाई से पैराग्लाइडिंग गिरने से महेश रेड्डी (32 वर्ष) पुत्र परमेश रेड्डी, निवासी हाउस नंबर 11-12-400, इनकम टैक्स कॉलोनी रोड नंबर छह आरकेपुरम कीवपेड़ सरुरनगर, केवी रंगा रेड्डी आंध्र प्रदेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे भुंतर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। यहां से मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पायलट जीवन हादसे में घायल हो गया है। उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने कहा कि मामले की जांच एसडीएम कुल्लू विकास शुक्ला को सौंपी गई है। अब जांच रिपोर्ट आने पर ही हादसे के असली कारणों का पता चलेगा।