जोगिंद्रनगर (मंडी)। नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर के ब्लड बैंक पर 10 साल से ताला लटका है। घटना एवं दुर्घटना में घायल मरीजों को अगर खून की जरूरत पड़ जाए तो तीमारदारों को टांडा और नेरचौक मेडिकल कॉलेज जाना पड़ता है। इससे मरीज की जान पर बन आती है।
अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर रोगी कल्याण समिति की बैठक के निर्णय भी हवा हवाई साबित हुए हैं। लगभग 20 लाख के बजट को मरीजों की सुविधा और संसाधनों पर खर्च करने की सहमति बनी थी लेकिन अस्पताल प्रशासन का खजाना खाली होने से स्वास्थ्य उपकरणों की खरीद नहीं हो पाई है।
एसएमओ डॉ. रोशन लाल कौंडल ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की मासिक बैठकों में अस्पताल की असुविधाओं पर वह अपनी बात रख रहे हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी नरेंद्र का कहना है कि मेडिसिन विशेषज्ञ चिकित्सक की नियुक्ति के प्रयास जारी है। आईसीयू सुविधा भी उपमंडलीय अस्पताल में जल्द हो, इसके लिए उच्चाधिकारियों से पत्राचार करेंगे। अल्ट्रासाउंड की सेवाएं स्थानीय अस्पताल में शुरू हों इसलिए रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती भी जल्द होगी। कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर ने बताया कि सुक्खू सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में विस्तार को लेकर अनेक योजनाएं लागू की हैं। मेडिसिन विशेषज्ञ चिकित्सक की नियुक्ति के लिए वह मुख्यमंत्री से पत्राचार कर रहे हैं।