हिमाचल प्रदेश के कई भागों में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से माैसम ने करवट बदली है। जनजातीय इलाकों में गुरुवार दोपहर बाद हल्की बर्फबारी हुई। चोटियों पर हुई बर्फबारी के बाद घाटी में फिर से ठंड बढ़ गई है। लोगों ने फिर से गर्म कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं। गुरुवार को दोपहर बाद रोहतांग दर्रा समेत ड्रिलबुरी पीक, घेपन पीक के साथ कुंजम दर्रा में हल्की बर्फबारी हुई। ठंड के कारण घाटी में एक बार फिर तंदूर जलने शुरू हो गए। हल्की बर्फबारी के कारण मनाली-लेह और सिस्सू-रोहतांग सड़क बहाली में जुटी बीआरओ की टीम को कड़ाके की ठंड में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि खराब मौसम के बावजूद सीमा सड़क संगठन मनाली-लेह और ग्रांफू समदो सड़क बहाली में जुटा हुआ है। शिमला में भी आज हल्के बादल छाए हुए हैं।