हिमाचल प्रदेश के कई भागों में मौसम ने करवट बदली है। प्रदेश के जिला कुल्लू और लाहौल-स्पीति की चोटियों पर शनिवार को ताजा बर्फबारी हुई है। लाहौल की चंद्रा घाटी ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। रोहतांग दर्रा के साथ, बारालाचा, कुंजम दर्रा सहित ऊंची चोटियों में सुबह से बर्फबारी का दौर जारी रहा। मौसम में आए इस बदलाव से पूरी घाटी शीतलहर की चपेट में आ गई है। तापमान शून्य तक पहुंचने से पेयजल स्कीमों के साथ नदी-नाले भी जम गए हैं। क्रिसमस से पूर्व हो रही बर्फबारी से पर्यटन कारोबारियों के चेहरे भी खिल गए हैं।