जिला सिरमौर ने शिलाई में हुए चीड़ के पेड़ों के अवैध कटान पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कड़ा रूख अपनाया है। महाविद्यालय कुल्लू में छात्र कार्यकर्ताओं ने सरकार और वन कटुओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिसर में छात्र कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। इकाई मंत्री संजना ठाकुर ने कहा कि यह बात जिला सिरमौर के शिलाई क्षेत्र की नहीं है, बल्कि पूरे प्रदेश का यही हाल है। उन्होंने कहा कि जिला कुल्लू में भी रोपवे के नाम पर बिजली महादेव की पहाड़ी से कई पेड़ों को काटा गया है। किसी क्षेत्र का विकास होना सही बात है, लेकिन उसके लिए पर्यावरण को नुकसान पहुंचाना सहन नहीं किया जाएगा। कहा कि सिरमौर के शिलाई पेड़ कटान मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नियमानुसार की जाए। अगर सरकार, वन विभाग व पुलिस नियमानुसार कार्रवाई नहीं करती है, तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इससे भी उग्र से उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदार स्वयं प्रदेश सरकार रहेगी।