पर्यावरणविद सोनम वांगचुक के समर्थन और दिल्ली में चल रहे विरोध प्रदर्शन के समर्थन में सोमवार को कुल्लू जिला मुख्यालय स्थित उपायुक्त कार्यालय के बाहर सीटू और सीपीआईएम कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विभिन्न मांगें उठाईं। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सीटू नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों की आवाज को अनदेखा कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक होने से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और युवाओं का परीक्षा प्रणाली से भरोसा कमजोर हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ भी नारेबाजी की और सोनम वांगचुक की रिहाई की मांग की। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और युवाओं का विश्वास बहाल हो सके।