विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय कुल्लू के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकालकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां और बैनर लेकर लोगों को प्रकृति के संरक्षण, स्वच्छता और हरित वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। रैली में शामिल विद्यार्थियों ने ‘हरित धरती, सुरक्षित भविष्य’, ‘पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ’ तथा ‘स्वच्छ पर्यावरण, स्वस्थ जीवन’ जैसे नारों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया। इस दौरान जहां सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकाली तो वहीं निजी स्कूल के छात्र-छात्राओं में भी शहर में रैली निकालकर लोगों को जागरूक करने का काम किया। कुल्लू कंवेंट स्कूल के छात्र-छात्राओं ने कॉलेज गेट से लेकर ढालपुर चौक होते हुए जागरूकता रैली निकाली।