जिला मुख्यालय कुल्लू के साथ लगती भेखली की पहाड़ी पर स्थित माता के मंदिर में जागरण का आयोजन किया गया। देर रात तक चले इस आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में जुटे भक्तों और श्रद्धालुओं ने माता की भेंट, भजन कीर्तन किया। दरअसल माता के मंदिर में हर साल चैत्र नवरात्र के मौके पर जागरण का आयोजन किया जाता है लिहाजा इस बार भी यहां धूमधाम से जागरण का आयोजन किया गया। इस जागरण के आयोजन में अखाड़ा बाजार के युवक मंडल की अहम भूमिका रही जिन्होंने मंदिर परिसर में आयोजित इस जागरण में उपस्थित होने वाले भक्तों के लिए जलपान का भी आयोजन किया, जबकि रविवार को यहां कन्या पूजन के साथ-साथ पूजा अर्चना का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।