जिला कुल्लू के अटल सदन में बिजली बोर्ड कर्मचारी व अभियंता संयुक्त मोर्चा एवं पेंशनरों ने राज्य स्तरीय अधिवेशन का आयोजन किया। इसमें सैकड़ों की संख्या में बोर्ड के अभियंता, कर्मचारी और पेंशनर उपस्थित रहे। वहीं, वीरवार को दोपहर बाद मोर्चा ने अटल सदन से उपायुक्त कार्यालय तक रोष रैली भी निकाली। सैकड़ों की संख्या में सड़कों पर उतरकर बिजली बोर्उ के कर्मचारियों, अभियंताओं और पेंशनरों ने प्रदेश व केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने बिजली बोर्ड में खत्म की गए 51 पदों पर पुनर्विचार कर बहाल, निकाले गए 81 आउटसोर्स चालकों की सेवाएं बोर्ड में जारी रखने की मांग को प्रमुखता से उठाया। इसके अलावा बिजली बोर्ड के ट्रांसमिशन व जनरेशन की संपत्तियों को इससे अलग करने (पुर्नगठन) की मुहिम का भी जोरदार विरोध किया।