जल्द ही जिला कांग्रेस की कार्यकारिणी की घोषणा कर दी जाएगी। पार्टी हाइकमान को कार्यकारिणी के नाम भेज दिए हैं। अब इसकी औपचारिक घोषणा होगी। यह बात जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सेस राम आजाद ने पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान ने प्रदेश के 71 ब्लॉक अध्यक्षों की घोषणा कर दी है, जिसमें जिला कुल्लू के चार ब्लॉकों को युवा अध्यक्ष दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिला से तीन-तीन नाम भेजे गए थे जिसमें से अध्यक्ष की नियुक्ति की गई है। अन्य दो को ब्लॉक, जिला और प्रदेश कार्यकारिणी में जगह देने का प्रयास किया जाएगा ताकि उनका मान सम्मान बना रहे। इस मौके पर उन्होंने महिला आरक्षण को लेकर भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिला हितैषी है और संगठन में 33 फीसदी स्थान ब्लॉक और जिला में महिलाओं को दिया जाएगा। जबकि आरक्षण बिल को लेकर उन्होंने केंद्र सरकार को घेरा और कहा कि भाजपा इसे गलत तरीके से पास कर श्रेय लेने का काम कर रही है। जबकि कुछ चीजों को इस बिल में बदलाव करने की जरूरत है। जिस पर केंद्र सरकार को काम करने की आवश्यकता है।