नेशनल हेराल्ड विज्ञापन मुद्दे को लेकर जिला भाजपा युवा मोर्चा ने जिला मुख्यालय कुल्लू के ढालपुर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष तिलक राज ने विशेष तौर पर भाग लिया। इस दाैरान जमकर नारेबाजी हुई और उन्होंने नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर कांग्रेस को घेरा। इस दौरान उन्होंने सोनियां गांधी, राहुल गांधी सहित कांग्रेस पार्टी का पुतला फूंका गया। हालांकि, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से पुतला छीनने की कोशिश की। इस दाैरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच पुतले को लेकर खूब खींचतान हुई लेकिन प्रदर्शनकारी पुतला फूंकने में सफल रहे। भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष तिलक राज के साथ बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र शौरी ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा है कि हिमाचल प्रदेश की सरकार धन का रोना रो रही है लेकिन पार्टी के नेशनल हेराल्ड अखबार को करोड़ों का विज्ञापन जारी किया जा रहा है। इस मौके पर जिला भाजपा के अध्यक्ष अमित सूद सहित अन्य मौजूद रहे।