हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के संसारपुर टैरेस औद्योगिक क्षेत्र स्थित जसर पेपर मिल प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत एक कर्मचारी की मशीन में हाथ फंसने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान कीर्ति सिंह (50 वर्ष) पुत्र कोतवाल सिंह, निवासी गांव कंदेरी, जिला चमोली (उत्तराखंड) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे डीएसपी डाडा सीबा राज कुमार तथा पुलिस थाना संसारपुर टैरेस के प्रभारी संजय शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। डीएसपी राज कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार जसर पेपर मिल प्राइवेट लिमिटेड में कार्य के दौरान पेपर रोलिंग मशीन में कागज फंस गया था। उसे निकालने के प्रयास में कर्मचारी का हाथ मशीन में फंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल कर्मचारी को तुरंत उपचार के लिए बीबीएमबी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम की रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।