पंजाब नेशनल बैंक, शाखा राजा का तालाब की ओर से ग्राम पंचायत बतराहन में ग्राम पंचायत प्रधान तमन्ना धीमान शर्मा की अध्यक्षता में वित्तीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल भुगतान और केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें वित्तीय रूप से जागरूक एवं सशक्त बनाना था। शाखा प्रबंधक रश्मि शर्मा ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री जनधन योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, डिजिटल बैंकिंग, यूपीआई भुगतान, साइबर सुरक्षा तथा अन्य बैंकिंग सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में ग्राम पंचायत प्रधान तमन्ना धीमान शर्मा ने कहा कि ऐसे जागरूकता शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय साक्षरता बढ़ाने, लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने तथा डिजिटल बैंकिंग के प्रति विश्वास मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।