देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में चौथी बार वृद्धि हुई है। इस बार पेट्रोल के दाम में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम में 2.71 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई। शिमला में पेट्रोल 102.52 रुपये प्रति लीटर और डीजल 94 रुपये 50 पैसे प्रति लीटर हो गया है। हिमाचल के अन्य शहरों में भी ईंधन की कीमतें बढ़ी हैं। धर्मशाला में पेट्रोल 102.81 रुपये और डीजल 93.78 रुपये प्रति लीटर हो गया है। इसके साथ ही एक्स्ट्रा प्रीमियम 110 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इस वृद्धि का सीधा प्रभाव महंगाई पर पड़ेगा। बसों के किराए के साथ-साथ मालभाड़े में भी बढ़ोतरी होना तय है, जिससे खाद्य वस्तुओं सहित अन्य आवश्यक सामानों की कीमतें बढ़ सकती हैं।