बहुतकनीकी संस्थान कांगड़ा में जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों की मतगणना के दौरान प्रत्याशियों के समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही विभिन्न क्षेत्रों से आए समर्थक अपने-अपने उम्मीदवारों के पक्ष में परिणाम जानने के लिए संस्थान परिसर के बाहर और आसपास डटे रहे। हालांकि दोपहर 12:30 बजे तक जिला परिषद और ब्लॉक समिति की किसी भी सीट का अंतिम परिणाम घोषित नहीं हो पाया था। मतगणना केंद्र में अभी मतपत्रों की छंटनी और अन्य प्रक्रिया जारी रही, जिसके चलते परिणामों में देरी हुई। समर्थक लगातार अधिकारियों से जानकारी लेने का प्रयास करते रहे और परिणामों की घोषणा का बेसब्री से इंतजार करते नजर आए। मतगणना केंद्र के बाहर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई है। प्रशासन की ओर से लोगों से धैर्य बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।