फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kangra: श्रावण मेले के चौथे दिन ज्वालामुखी में उमड़ा आस्था का सैलाब, मंदिर मार्ग तक पहुंची कतार

शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में चल रहे श्रावण मेलों के चौथे दिन रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पंजाब समेत विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां ज्वाला के दर्शन के लिए पहुंचे। सुबह करीब चार बजे से ही मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। दिन चढ़ने के साथ भीड़ बढ़ती गई और लाइन मंदिर मार्ग तक पहुंच गई। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं को पंक्तिबद्ध तरीके से मंदिर में भेजा जा रहा है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। एसडीएम ज्वालामुखी डॉ. संजीव शर्मा परिवार सहित रविवार को मंदिर पहुंचे और मां ज्वाला के दर्शन किए। उन्होंने हवन-यज्ञ में आहुतियां भी डालीं। इसके बाद उन्होंने मंदिर में चल रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि श्रावण मेले के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। पुलिस, मंदिर प्रशासन और विभिन्न विभागों के कर्मचारी श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी दे रहे हैं। डीएसपी ज्वालामुखी अनिल शर्मा ने भी सुबह मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस कर्मियों को एंट्री और एग्जिट प्वाइंट सहित मंदिर तक पहुंचने वाले अन्य रास्तों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पुलिस के साथ होमगार्ड और एक्स सर्विसमैन की भी तैनाती की गई है। सभी जवान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए अलर्ट हैं। मंदिर के पुजारी अभिनव शर्मा ने बताया कि श्रावण मेलों के दौरान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पानी, सफाई, अतिरिक्त कर्मचारियों, लंगर और निशुल्क चिकित्सा सुविधा सहित आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। श्रावण मेले के चौथे दिन ज्वालामुखी में उमड़ी भारी भीड़ के बावजूद प्रशासन और मंदिर न्यास की ओर से श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन करवाने का प्रयास जारी रहा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें