गो सम्मान अभियान के तहत सोमवार को कांगड़ा जिला प्रशासन के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन उपायुक्त कांगड़ा को सौंपा गया। अभियान से जुड़े प्रतिनिधियों ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 48 और अनुच्छेद 51(ए)(ग) की भावना के अनुरूप गौमाता को 'राष्ट्रमाता' का संवैधानिक दर्जा देने की मांग उठाई। ज्ञापन में केंद्र सरकार से देशभर में गो संरक्षण को प्रभावी बनाने के लिए केंद्र स्तर पर गो मंत्रालय गठित करने तथा गो संरक्षण एवं प्रबंधन के लिए एकीकृत व्यवस्था लागू करने की भी मांग की गई है। प्रतिनिधियों ने बताया कि गो सम्मान अभियान के समर्थन में देशभर से एकत्र किए गए लाखों नागरिकों के हस्ताक्षर भी राष्ट्रपति तक पहुंचाने का आग्रह किया गया है, ताकि गौ संरक्षण और संवर्धन से जुड़े मुद्दों पर आवश्यक कदम उठाए जा सकें। अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं ने कहा कि ज्ञापन जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजा गया है। साथ ही उन्होंने समाज के सभी वर्गों से गौ संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अभियान को सहयोग देने की अपील की।