पूर्व सांसद एवं पूर्व मंत्री किशन कपूर की पार्थिव देह रविवार सुबह गांव दाडनू स्थित घर से गांव खनियारा में उनके पुराने पैतृक गांव के बाहर पटोला मैदान में अंतिम दर्शनों के लिए रखी गई। उसके बाद मांझी खड्ड पर बने श्मशान घाट में उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। किशन कपूर धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र से पांच बार विधायक, राज्य सरकार में तीन बार मंत्री और कांगड़ा चंबा लोकसभा क्षेत्र से एक बार सांसद रहे। 1998 से 2002 तक और 2007 से 2012 तक तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल की सरकार और 2017 से 2019 तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की सरकार में किशन कपूर मंत्री रहे हैं। 2019 से 2024 तक सांसद रहे। पार्थिव देह को उनके पुत्र शाश्वत कपूर ने मुखाग्नि दी। पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद किशन कपूर की शव यात्रा में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल, भाजपा महामंत्री त्रिलोक कपूर, हमीरपुर से पूर्व सांसद सुरेश चंदेल, पूर्व मंत्री रमेश धवाला, पूर्व मंत्री रविंद्र सिंह रवि, विधायक पवन काजल, विधायक सुधीर शर्मा, विधायक जनक राज, विधायक रणवीर सिंह निक्का, पूर्व विधायक रीता धीमान, धर्मशाला नगर निगम की मेयर नीनू शर्मा, पूर्व मेयर देवेंद्र जग्गी व अन्य शामिल हुए।