भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने शनिवार को आषाढ़ मास के गुप्त नवरात्रों की चतुर्थ नवरात्र के अवसर पर विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में मां ज्वाला के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर के पुजारी सौरभ शर्मा ने पूजा संपन्न करवाई तथा डॉ. बिंदल को माता का आशीर्वाद दिलाया। इस अवसर पर उन्हें माता की पवित्र चुनरी भी भेंट की गई। दर्शन के बाद डॉ. बिंदल ने मंदिर परिसर स्थित मोदी भवन, शेर भवन एवं योगिनी कुंड में भी पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर में कुछ समय बिताकर मंदिर के इतिहास, धार्मिक परंपराओं एवं चल रहे विकास कार्यों की जानकारी भी प्राप्त की।डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि गुप्त नवरात्रों के पावन अवसर पर मां ज्वाला के दर्शन करना उनका परम सौभाग्य है। उन्होंने मां ज्वाला से प्रदेश हिमाचल की निरंतर उन्नति, सुख-समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना की। अधिवक्ता अभिषेक पाधा, अजय खट्टा, रामस्वरूप शास्त्री आदि मौजूद रहे।