धर्मशाला में पत्रकार वार्ता के दौरान व्यापार मंडल कोतवाली बाजार के प्रधान और सदस्य।
धर्मशाला। कोतवाली व्यापार मंडल धर्मशाला की ओर से 13 जनवरी को लोहड़ी पर्व मनाया जाएगा। इस बार यह आयोजन फव्वारा चौक पर किया जाएगा। इसमें व्यापार मंडल की ओर से दो घंटे के लिए कोतवाली बाजार से मैक्लोड़गंज और खनियारा जाने वाले मार्ग को बंद किया जाएगा। यह आयोजन पहली बार होने जा रहा है।
कोतवाली व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनुज कश्यप ने बुधवार को कचहरी में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि धर्मशाला में इस बार लोहड़ी पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। कार्यक्रम में उपायुक्त कांगड़ा मुख्यातिथि होंगे। इस दौरान कोतवाली बाजार में पर्व के लिए खरीदारी करने और पर्व मनाने आ रहे लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके लिए पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने फव्वारा चौक को शाम 5ः00 से 7ः00 बजे तक बंद रखा जाएगा। व्यापार मंडल द्वारा तैयार की गई योजना के अनुसार मैक्लोड़गंज की ओर जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बायपास रोड से जाना होगा। मैक्लोड़गंज से आ रहे लोगों को काली माता मंदिर के पास और खड़ा डंडा रोड से आ रहे वाहनों को बाजार से थोड़ा पीछे ही रोक दिया जाएगा। वहीं, खनियारा जाने के लिए लोगों को श्याम नगर रामनगर वाले रूट से जाना होगा। उन्होंने बताया कि फव्वारा चौंक को बंद करने के लिए जिला उपायुक्त हेमराज बैरवा और पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री से मंजूरी मिल चुकी है।