कांगडा नप की बैठक में पार्षद स्वर्गीय प्रेम सागर के निधन के बाद शोक जताते नप अध्यक्ष व पार्ष।
नगर परिषद को नौ जनवरी को होने वाली केबिनेट बैठक का इंतजार
मंजूरी के बाद शुरू होगी बीपीएल की चयन प्रकिया, 2005 में बाद नहीं हुआ चयन
बैठक में नप मैदान में हाई मास्ट लाइट लगाने और 18 नए भवनों के नक्शे पास किए
संवाद न्यूज एजेंसी
कांगड़ा। नगर परिषद कांगड़ा के नौ वार्डों में बीपीएल परिवारों के लिए चयन नए सिरे से होने की संभावना प्रबल हो गई है। कांगड़ा नप को प्रदेश सरकार की नौ जनवरी को होने वाली केबिनेट बैठक का इंतजार है। केबिनेट बैठक के बाद बीपीएल परिवारों की चयन प्रकिया को लेकर जो भी फैसला होगा कांगड़ा नप उसे तत्काल प्रभाव से लागू कर देगी।
शनिवार को रेणू शर्मा की अध्यक्षता में नप की बैठक हुई। बैठक में वार्ड एक के पार्षद रहे प्रेम सागर धीमान के निधन पर शोक जताकर उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। बैठक में बीपीएल परिवारों के चयन की प्रकिया को लेकर रेणू शर्मा ने कहा कि केबिनेट बैठक में सरकार इस संदर्भ में जो भी फैसला लेगी, उस पर अमल किया जाएगा। प्रदेश सरकार की गाइडलाइन के अनुसार बीपीएल परिवारों का चयन वार्ड सभा की बैठक में ही तय होता है।
जानकारी के अनुसार नगर परिषद में वर्ष 2005 के बाद बीपीएल परिवारों का सर्वे नहीं हुआ है। अभी 374 परिवार बीपीएल में शामिल हैं। परिषद के पास ऐसी सूचनाएं मिल रही थीं कि कई ऐसे परिवार भी बीपीएल में शामिल हैं जो वर्तमान स्थिति के अनुसार पात्र नहीं माने जा सकते। नगर परिषद प्रशासन ने शहर के सभी बीपीएल कार्ड धारकों को 31 दिसंबर, 2024 तक आय प्रमाण पत्र नगर परिषद कार्यालय में जमा करवाने के आदेश जारी किए थे। मगर कुछ ही परिवारों ने अभी तक अपने आय प्रमाण पत्र जमा करवाए हैं। रेणू शर्मा ने बताया कि बैठक में नप मैदान में हाई मास्क लाइट लगाने और 18 नए भवनों के नक्शे भी पारित किए गए।