राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की ओर से तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पाद अब उनकी आजीविका का सशक्त माध्यम बनते जा रहे हैं। शनिवार को भोरंज ब्लॉक कार्यालय परिसर में विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए। स्थानीय लोगों ने इन स्टॉलों पर पहुंचकर खरीदारी की। कृष्णा स्वयं सहायता समूह पपलाह, साईं स्वयं सहायता समूह पपलाह सहित अन्य स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की ओर से तैयार सिड्डू, आम का अचार, बांस का अचार, मिर्च व लहसुन का अचार, सोयाबीन का पनीर (टोफू), मुकंद बड़ी, सोया चाप सहित कई पारंपरिक एवं पौष्टिक उत्पाद बिक्री के लिए रखे। जिला परिषद अध्यक्ष अनिता शर्मा ने उत्पादों का अवलोकन किया और उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना की। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होंगी। महिलाओं को स्थाई स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। ऐसे स्टॉल न केवल स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध करा रहे हैं, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास को भी नई उड़ान दे रहे हैं।