राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टौणी देवी में बुधवार को स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) का चुनाव शांतिपूर्ण और सर्वसम्मति से संपन्न हुआ। चुनाव कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के प्रधानाचार्य रजनीश रांगड़ा ने की। प्रधानाचार्य रजनीश रांगड़ा ने कहा कि अभिभावक किसी भी विद्यालय की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। उनकी सक्रिय भागीदारी के बिना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता। उन्होंने नव-निर्वाचित समिति से स्कूल के शैक्षणिक स्तर, आधारभूत सुविधाओं और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया। चुनाव के दौरान नशा मुक्त भारत अभियान के तहत अभिभावकों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। सर्वसम्मति से विकास शर्मा को स्कूल प्रबंधन समिति का अध्यक्ष चुना गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। कार्यक्रम में शिक्षक भूपिंदर सिंह सहित स्कूल का अन्य स्टाफ भी मौजूद रहा।