हमीरपुर। राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर के बीबीए विभाग ने बुधवार को व्यक्तित्व विकास एवं संचार कौशल विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान एवं एलुमनी संवाद का आयोजन किया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता महाविद्यालय की पूर्व छात्रा पूजा सोनी रहीं। पूजा सोनी ने विद्यार्थियों के साथ अपने जीवन के प्रेरक अनुभव साझा करते हुए व्यक्तित्व विकास, प्रभावी संचार कौशल, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता और सफलता के व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने से किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त की जा सकती है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतीश सोनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रमों का अधिकतम लाभ उठाने और अपने व्यक्तित्व तथा संचार कौशल को निरंतर विकसित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बीबीए विभाग के समन्वयक एवं विभाग के अन्य प्राध्यापक भी उपस्थित रहे।