ऊहल/टौणी देवी (हमीरपुर)। लोक निर्माण विभाग टौणी देवी के अंतर्गत सेंणुआं दी थापी से अप्पर भेरड़ा तक बनी सड़क की हालत को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब चार किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण में कई हिस्सों को पक्का ही नहीं किया गया, जबकि सड़क बने अभी दो वर्ष भी पूरे नहीं हुए हैं। जगह-जगह टारिंग उखड़ने से गड्ढे बन गए हैं, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। पूर्व विधायक राजेंद्र राणा भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की शिकायतों को सुना। उन्होंने विभाग पर गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए। ग्रामीणों में कुलदीप चंदेल, ओम प्रकाश, ज्योति प्रकाश, राजिंद्र कुमार, सुरेश कुमार, संदीप कुमार, शक्ति चंद, मीरा देवी, कल्पना देवी और सुलक्षणा देवी आदि ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान निकास नालियों की व्यवस्था भी नहीं की गई। लोगों का कहना है कि बरसात के दिनों में पानी सड़क पर बहने से इसकी हालत और खराब हो रही है। लोक निर्माण विभाग टौणी देवी के अधिशाषी अभियंता रत्न सिंह चौहान ने कहा कि शिकायत प्राप्त हुई है। सड़क का अवलोकन कर संबंधित ठेकेदार को सड़क की मरम्मत के निर्देश दिए जाएंगे। विभाग लोगों को बेहतर सड़क सुविधाएं देने के लिए प्रयासरत्त है।