समाज में शिक्षा के उजाले को घर-घर पहुंचाने के उद्देश्य से सनातन सेवा समिति भालत ने एक सराहनीय कदम उठाया है। समिति ने गरीब व जरूरतमंद बच्चों का विभिन्न स्कूलों में न केवल दाखिला करवाया, बल्कि उनकी पूरे वर्ष की फीस, पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म और अन्य शैक्षिक सामग्री का पूरा खर्च स्वयं वहन करेगी। यह पहल उन परिवारों के लिए आशा की नई किरण बनकर सामने आई है, जो आर्थिक तंगी के चलते अपने बच्चों को शिक्षा दिलाने में असमर्थ रहे हैं। अब ये बच्चे न केवल स्कूल जाएंगे, बल्कि आत्मविश्वास और सम्मान के साथ अपने सपनों को साकार करने की दिशा में कदम बढ़ाएंगे। समिति की ओर से किए जा रहे हैं इस पुनीत कार्य की गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल ग्यारह ग्रां के प्रधानाचार्य डॉक्टर पवन भारद्वाज, पीएम श्री गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल तलाई के प्रधानाचार्य राजकुमार और पीएम श्री गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल बिझड़ के प्रधानाचार्य देवेंद्र शर्मा ने सराहना की है।