उपमंडल सुजानपुर के अंतर्गत कृष्ण धाम टीहरा परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब परिसर में बने फव्वारे के भीतर एक अजगर दिखाई दिया। अजगर को देखते ही वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और इसकी सूचना तुरंत स्नेक कैचर को दी गई। सूचना मिलते ही स्नेक कैचर माथुर धीमान मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर अजगर को फव्वारे से बाहर निकाला। करीब कुछ समय की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया गया। रेस्क्यू के बाद अजगर को वन क्षेत्र में ले जाकर प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में सांप और अन्य वन्यजीव भोजन या सुरक्षित स्थान की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ जाते हैं। ऐसे में यदि कहीं सांप या अजगर दिखाई दे तो उसे पकड़ने का प्रयास करने के बजाय तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित स्नेक कैचर को सूचना दें। उन्होंने ग्रामीणों से सांप के काटने पर तुरंत अस्पताल में जाने का अनुरोध किया।