मूसलाधार बारिश के बाद नेशनल हाईवे- 03 की नालियों का पानी लोगों के घरों और खेतों में तबाही मचाई। मंगलवार को लोग सड़क पर बैठ गए और चक्का जाम कर दिया। बमसन तहसील की पंचायत दरोगणपति कोट के गांव दरोगण में करीब डेढ़ घटा लोग सड़क पर बैठे रहे। इस चक्का जाम से सड़क के दोनों तरफ करीब काफी गाड़ियां रुक गईं। मौके पर पहुंची पुलिस को तनावपूर्ण स्थिति को शांत करने और लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलवाने में कामयाबी मिली। पंचायत उप प्रधान संजीव, नीलम, ओंकार, दलीप, भक्तराम, रिखी राम, विचित्र सिंह ने निर्माण कंपनी की लापरवाही पर कड़ा रोष जताया । उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों और साइट इंजीनियर को नाले से होने वाले नुकसान से आगाह किया गया। लेकिन किसी ने कोई परवाह नहीं की। जब मंगलवार सुबह तेज बारिश से हाईवे की नालियों का पानी घरों और खेतों में घुसा तो स्थिति चिंताजनक हो गई। मजबूरन प्रशासन तक अपनी जायज मांग पहुंचाने के लिए चक्का जाम करना पड़ा। इसके बाद एसएचओ हमीरपुर ने निर्माण कंपनी के अधिकारियों से बात की। एसएचओ के आश्वासन के बाद जाम खोल दिया गया।