चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में भाग लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं। छठी से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थी 10 अगस्त से 25 अगस्त तक संबंधित पोर्टल पर अपना ऑनलाइन नामांकन कर सकेंगे। जिला विज्ञान पर्यवेक्षक राजेश गौतम ने बताया कि चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस के तहत विद्यार्थी साइंस क्विज, साइंस मॉडल सहित विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियों और प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उपमंडल स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन 15 सितंबर के बाद किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उपमंडल स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन जिला स्तरीय चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस के लिए किया जाएगा। जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 15 अक्तूबर तक होगा। शिक्षा विभाग ने सभी विज्ञान शिक्षकों से निर्धारित समय सीमा के भीतर पात्र विद्यार्थियों का संबंधित पोर्टल पर ऑनलाइन नामांकन सुनिश्चित करने का आग्रह किया है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इस विज्ञान आधारित प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।