चार जून को होने वाली लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के दौरान जिला हमीरपुर के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में नियुक्त होने वाले माइक्रो आब्जर्वरों के लिए बचत भवन में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पांचों विधानसभा क्षेत्रों के 120 माइक्रो आब्जर्वरों ने भाग लिया। इस अवसर पर निर्वाचन विभाग के तहसीलदार उपेंद्रनाथ शुक्ला, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी विनोद गर्ग, नायब तहसीलदार राजेश कौंडल और अन्य अधिकारियों ने माइक्रो आब्जर्वरों को मतगणना के संबंध में कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। जिला निर्वाचन अधिकारी व उपायुक्त हमीरपुर अमरजीत सिंह ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्वक संपन्न करवाने के लिए सभी माइक्रो ऑब्जर्वर, पीठासीन अधिकारी, सहायक पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी पूरी गंभीरता के साथ कार्य करें तथा इस पूरी प्रक्रिया को अच्छी तरह समझें, ताकि मतदान के दौरान किसी भी तरह का अनावश्यक विवाद या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।