पोषण पखवाड़ा के तहत जिलेभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में शनिवार को किशोरी संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को जंक फूड से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक कर संतुलित एवं पोषक आहार अपनाने की सलाह दी गई। सीडीपीओ टौणी देवी और सीडीपीओ सुजानपुर के अंतर्गत आने वाले सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी पोषण पखवाड़ के अंतर्गत किशोरी संवाद कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में हीमोग्लोबिन स्तर, वजन और सामान्य स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया। जिन किशोरियों में पोषण की कमी पाई गई, उन्हें विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।जांच के दौरान किशोरियों को किशोरवस्था के दौरान शरीर में होने वाले बदलाव और पोषण आवश्यकताओं के बारे में जानकारी दी गई। सीडीपीओ कुलदीप सिंह चौहान ने आंगनबाड़ी केंद्र मट्टन सिद्ध में आयोजित कार्यक्रम में किशोरियों के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा जंक फूड के अधिक सेवन से शरीर में पोषक तत्वों की कमी हो जाती है, जिससे एनीमिया, मोटापा और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। उन्होंने किशोरियों को हरी सब्जियां, दालें, फल, दूध एवं प्रोटीन युक्त आहार को अपनी दिनचर्या में शामिल करने और व्यक्तिगत स्वच्छता, मासिक धर्म स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत जिले में इस तरह के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं,ताकि गर्भवती महिलाओं, किशोरियों को संतुलित आहार के प्रति जागरूक किया जा सके।