फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नीट में हमीरपुर की दीपिका ठाकुर 621अंक लेकर बनीं जिला टॉपर, एसडी पब्लिक स्कूल में हुआ भव्य स्वागत

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-2026 के परिणामों में हमीरपुर जिले की छात्रा दीपिका ठाकुर ने 621 अंक हासिल कर जिला भर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि पर एसडी पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, डुग्घा कलां पहुंचने पर प्रधानाचार्य, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। इसी विद्यालय की छात्रा प्राची इंदौरिया ने भी 546 अंक प्राप्त कर परीक्षा उत्तीर्ण की है। दोनों छात्राओं की सफलता पर स्कूल परिसर में खुशी का माहौल रहा। स्कूल प्रबंधन ने छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। नीट-2026 में जिले के अन्य विद्यार्थियों ने भी बेहतर प्रदर्शन किया। हिम अकादमी समूह संस्थान के छात्र ओजिश ने 601 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया। चाणक्य द गुरु कोचिंग संस्थान के छात्र अनिकेतन अंगारिया ने 571 अंक लेकर तीसरा और एस्पायर आईआईटी एवं मेडिकल, हमीरपुर के छात्र आदित्य ठाकुर ने 557 अंक प्राप्त कर चौथा स्थान हासिल किया। बरोहा निवासी दीपिका ठाकुर ने पहले ही प्रयास में यह सफलता हासिल की है। उन्होंने इसी वर्ष मार्च में एसडी पब्लिक स्कूल से जमा दो की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। दीपिका ने बताया कि उन्होंने तैयारी के दौरान प्रतिदिन आठ से दस घंटे नियमित अध्ययन किया और सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखी। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय के सकारात्मक माहौल को दिया। दीपिका का सपना भविष्य में न्यूरो सर्जन बनकर लोगों की सेवा करना है। विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद ठाकुर ने कहा कि स्कूल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देता है। दीपिका के पिता नरेंद्र कुमार ने बताया कि उनकी बेटी ने नर्सरी से लेकर जमा दो तक की पढ़ाई एसडी पब्लिक स्कूल से की है। उन्होंने बेटी की सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों, अनुशासित वातावरण और बेहतर शिक्षा व्यवस्था को दिया। उन्होंने इस उपलब्धि पर स्कूल परिवार का आभार जताया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें