राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर वीरवार को हमीरपुर में विजयादशमी पर पथ संचलन एवं शस्त्र पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण, एकत्रीकरण और शस्त्र पूजन से हुआ। पूर्ण गणवेशधारी स्वयंसेवकों का पथ संचलन निकाला गया जिसमें स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया । हमीरपुर नगर में दो स्थानों टाउन हॉल के प्रांगण तथा बड्डु में आयोजित कार्यक्रमों में 180 स्वयंसेवक उपस्थित रहे। टाउन हाल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ नागरिक परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष विजय पुरी ने शिरकत की। इस अवसर पर मुख्य वक्ता संघ के प्रांत प्रचार प्रमुख प्रताप समयाल ने संघ की 100 वर्षों की अखंड साधना पर प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित सभी स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे पंच परिवर्तन के इन विषयों को अपने आचरण और व्यवहार में अपनाकर उन पर सतत कार्य करने का संकल्प लें तथा राष्ट्र को उन्नति की दिशा में ले जाने में अपना योगदान दें। उन्होंने शक्ति पूजन और शस्त्र पूजन की परंपरा को भी स्पष्ट करते हुए कहा कि शक्ति के बिना शस्त्र और शस्त्र के बिना शक्ति अधूरी है, शस्त्र पूजन समर्पण का प्रतीक है और शक्ति संपूर्ण ब्रह्मांड की आधारशिला है। इस अवसर पर विहिप प्रांत सह मंत्री पंकज भारतीय, व्यापार मंडल के प्रधान सुमित ठाकुर, शिव मंदिर कमेटी के महासचिव विनोद पूरी, पार्षद सुदेश आनंद, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष आनंद स्वरूप, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की प्रांत रक्तदाता प्रमुख हेमा मल्होत्रा, सेविका समिति की जिला कार्यवाहिका अधिवक्ता स्नेहलता, सुशीला शर्मा, राम लीला क्लब के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, विश्व हिंदू परिषद के जिला कोषाध्यक्ष अजय शर्मा आदि उपस्थित रहे।