कारगिल विजय दिवस के अवसर पर सर्वजनकल्याण सभा ने शहीदों के परिवारों के सम्मान के लिए विशेष 'बलिदानी सम्मान अभियान' की शुरुआत की है। यह अभियान 26 जुलाई से 15 अगस्त तक चलेगा, जिसके तहत सभा की विभिन्न टीमें घर-घर जाकर बलिदानी परिवारों को सम्मानित करेंगी। अभियान के तहत रविवार को सर्वजनकल्याण सभा की हमीरपुर इकाई ने धनेड़ पंचायत के तलासी गांव पहुंचकर शहीद अमित कुमार के परिजनों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें स्मृति चिह्न तथा शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद सभा के सदस्यों ने खटवीं धार में शहीद मिलखी राम तथा धनेड़ गांव में शहीद सुरेश कुमार के परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। सर्वजनकल्याण सभा के अध्यक्ष नवीन शर्मा ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का ऋण कभी नहीं चुकाया जा सकता। उन्होंने कहा कि शहीद परिवारों का सम्मान करना समाज का नैतिक दायित्व है। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त तक सभा की अलग-अलग टीमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर शहीद परिवारों से मुलाकात करेंगी और उन्हें सम्मानित करेंगी। अभियान का उद्देश्य नई पीढ़ी को शहीदों के बलिदान से परिचित कराना और समाज में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना है। सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि यह अभियान केवल सम्मान कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के वीर सपूतों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रयास है। इससे युवाओं को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति के मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा मिलेगी।