हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले की ग्राम पंचायत लंजियाणा के गांव लंजियाणा में एक पेड़ मकान मालिक के लिए चिंता का कारण बन गया है। स्थानीय निवासी अजय कुमार ने प्रशासन से दोबारा गुहार लगाते हुए मकान के समीप स्थित पेड़ को जल्द हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि पेड़ के कारण उनके घर की दीवारों में दरारें पड़ने लगी हैं और बरसात के मौसम में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। अजय कुमार के अनुसार उन्होंने करीब एक वर्ष पहले प्रशासन को लिखित शिकायत देकर पेड़ से उत्पन्न खतरे की जानकारी दी थी। इसके बाद एसडीएम नादौन ने लगभग तीन माह पहले संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी जारी किए थे। इसके बावजूद अब तक पेड़ नहीं हटाया गया, जिससे परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। पीड़ित का कहना है कि पेड़ की जड़ें और उसका लगातार बढ़ता दबाव मकान की नींव और दीवारों को प्रभावित कर रहा है। तेज हवा या आंधी के दौरान पेड़ के हिलने से मकान को गंभीर नुकसान पहुंचने का खतरा बना रहता है। उनका कहना है कि समय रहते पेड़ हटाया जाए ताकि किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके। उल्लेखनीय है कि यह पेड़ पड़ोसी की निजी भूमि पर स्थित है। इस मामले में एसडीएम नादौन निशांत शर्मा ने बताया कि पेड़ काटने के संबंध में तीन माह पहले आवश्यक निर्देश जारी किए जा चुके हैं। यदि अब तक कार्रवाई नहीं हुई है तो शिकायतकर्ता एसडीएम न्यायालय में दोबारा आवेदन प्रस्तुत कर सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि पेड़ निजी भूमि पर है तो उसे हटाने की जिम्मेदारी संबंधित भूमि स्वामी की होगी। किसी प्रकार का विवाद होने पर प्रभावित पक्ष जिला न्यायालय का भी दरवाजा खटखटा सकता है। बरसात के मौसम में ऐसे मामलों को गंभीरता से लेने की जरूरत है, क्योंकि कमजोर हो चुके मकानों और बड़े पेड़ों से जान-माल का नुकसान होने की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से समय रहते उचित कार्रवाई करने की मांग की है।