नेता प्रतिपक्ष पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की सरकार ने कार्यक्रम के आयोजन तक के लिए जमीन नहीं दी यह बड़ा हैरान करने वाला है। पंचायत प्रधान पर दवाब डाल कर कार्यक्रम के आयोजन के लिए एनओसी नहीं दी गई। जल्द ही कांग्रेस सरकार का दौर खत्म होने वाला है। महिला सम्मान समारोह का आयोजन हिमाचल प्रदेश योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से किया गया लेकिन खेद का विषय की सरकार ने आयोजन के लिए स्थान देने से ही मना कर दिया। यह कार्यक्रम दूसरी पंचायत की जमीन पर शिफ्ट करना पड़ा और दोबारा मंच बनाना पड़ा। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर बुधवार को हमीरपुर के लंबलू में आयोजित समारोह में शामिल हुए और प्रदेश सरकार पर खूब निशाने साधे। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश सरकार की हताशा है। सामाजिक कार्यक्रमों को रोकने के लिए निम्न स्तर की राजनीति की जा रही है। इस समारोह की अध्यक्षता सदर विधायक आशीष शर्मा की पत्नी स्वाति शर्मा के एसोसिएशन के अध्यक्ष के तौर पर की। समारोह में विधायक सदर आशीष शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे जबकि विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, पूर्व विधायक राजेंद्र राणा, विजय अग्निहोत्री, अभिषेक राणा भी शामिल हुए।