बड़सर (हमीरपुर)। हिमाचल बिजली बोर्ड पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन जिला हमीरपुर की त्रैमासिक बैठक बड़सर स्थित एक निजी होटल में जिला अध्यक्ष हरीश ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। बैठक के बाद पेंशनरों ने जनवरी 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के संशोधित वेतनमान के एरियर, पेंशन एरियर, संशोधित ग्रेच्युटी, लीव एनकैशमेंट और पेंशन कम्यूटेशन की राशि का भुगतान न होने पर रोष जताया। पेंशनरों ने 15 प्रतिशत महंगाई भत्ता जारी करने तथा लंबित महंगाई भत्ते के एरियर का भुगतान करने की भी मांग की। बैठक में हमीरपुर, नादौन और बड़सर क्षेत्र के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भाग लिया। प्रदेश कार्यकारिणी से संगठन सचिव मनोहर लाल, उपाध्यक्ष सीएस धीर और वरिष्ठ उपाध्यक्ष दलीप सिंह ढटवालिया भी मौजूद रहे।