जिला ग्राम रोजगार सेवक संघ की बैठक का आयोजन शनिवार को हमीरपुर में हुआ। इसकी अध्यक्षता जिला ग्राम रोजगार सेवक संघ के अध्यक्ष प्रवीन कुमार राजपूत ने की। इस अवसर पर पांच ब्लॉक के ग्राम रोजगार सेवक उपस्थित रहे। वेतन भुगतान विसंगति के संदर्भ में इन्होंने अपने विचार बैठक में रखे। इन्होंने बताया कि जिला के ग्राम रोजगार सेवकों के लिए बिना वेतन घर चलाना मुश्किल हो गया है। परिवार की जरूरतें पूरा करना इनके लिए चुनौती बन गया है। बिना वेतन चार महीने से किस तरह से परिवार चला रहे हैं, ये सिर्फ यही जानते हैं। चार महीने से वेतन की अदायगी न होने से हताश हुए जीआरएस ने प्रदेश सरकार से समस्या के समाधान की मांग की है। इन्होंने कहा कि विभाग व सरकार से इन्हें कोई नाराजगी नहीं है। सरकार सकारात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दे चुकी है, परंतु समय पर वेतन की अदायगी न होने से इन्हें परिवार का पालन पोषण करना बड़ी चुनौती बना हुआ है। मार्च महीने से अब तक के वेतन की अदायगी नहीं की गई है। इन्होंने बताया कि अप्रैल महीने में बच्चों की स्कूल में एडमिशन, घर का खर्च, बुजुर्ग माता-पिता की दवाई का खर्च आदी की जिम्मेवारी इनके ऊपर है। बिना वेतन के इन जिम्मेदारियों को कैसे पूरा करें। मजबूरी में इन्हें कई जगहों से रुपए उधार लेने की नौबत आन पड़ी है। इनका यह भी कहना है कि कई जरूरी कार्यों के लिए बैंक से ऋण ले रखा है। समय पर किस्तों की अदायगी न होने से इन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। सभी ने एकजुटता के साथ प्रदेश सरकार से मांग की है कि वेतन भुगतान के लिए स्थाई नीति बनाई जाए। इन्होंने इन्हें ग्रामीण विकास विभाग में समाहित करने की भी मांग रखी। जिला ग्राम रोजगार सेवक संघ के अध्यक्ष प्रवीन कुमार राजपूत ने बताया कि जीआरएस को चार महीने से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने प्रदेश सरकार से वेतन अदायगी के लिए स्थाई नीति बनाने का आग्रह किया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा मीडिया में गलत बयानबाजी की जा रही है। उनके द्वारा कही जा रही बातें सही नहीं है। ऐसे लोगों को सोच समझकर बात करनी चाहिए। इस अवसर पर जीआरएस संघ के जिला सचिव जगजीत सिंह, सुजानपुर ब्लॉक अध्यक्ष करतार सिंह, भोरंज ब्लॉक अध्यक्ष पवनेशानंद, हमीरपुर ब्लॉक अध्यक्ष अमरजीत सिंह, नादौन ब्लॉक अध्यक्ष अशोक कुमार, बिझड़ी ब्लॉक अध्यक्ष कौशिक दत्त शर्मा, एक्टिव कार्यकर्ता संजीव कुमार, अशोक कुमार, लक्की, नरेंद्र कुमार, राजकुमार, पवन कुमार सहित ग्राम रोजगार सेवक उपस्थित रहे।